नारायणपुर। अत्यंत दुर्गम इलाका अबूझमाड़ के बच्चे अब नहीं रहेंगे किसी शहरी बच्चे से पीछे। जिला प्रशासन के सहयोग से विकासखण्ड मुख्यालय ओरछा में स्कूली बालक-बालिकाओं के लिए समर कैम्प (ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर) आयोजित किया जा रहा है।
लगभग डेढ़ माह तक चलने वाले इस समर कैम्प की शुरूआत 1 मई से हुई जो 16 जून 2018 तक चलेगा। समर कैम्प ओरछा के पोर्टाकेबिन आवासीय विद्यालय परिसर में लगाया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षा अधिकारी ने बताया है कि समर कैम्प में पोर्टाकेबिन, कस्तूरबा गांधी स्कूल समेत अन्य स्कूलों और आश्रमों के लगभग 400 बच्चों को 10 विधाओं मेहंदी, रंगोली, नृत्य (डांस) , ब्यूटी पार्लर, ड्राइंग, कराटे, खेलकूद, गोदना आर्ट, टेराकोटा आदि का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि यहां के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। खेल के क्षेत्र में में बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने व उनकी प्रतिभा को निखारकर प्रतिभावान खिलाड़ी बनाने के उदृेश्य से समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह बच्चे भी आम शहरी बच्चों से किसी मायने में पीछे नहीं रहेंगे। बच्चों को प्रशिक्षण के दौरान रोजमर्रा के भोजन से हट कर पोष्टिक आहार भी दिया जा रहा है। ताकि बच्चों को किसी प्रकार की ऊर्जा कमी महसूस न हो।