छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2017-18 में पदक विजेता खिलाड़ियों एवं कलाकारों को नगद पुरस्कार के लिए निर्धारित प्रपत्र में 30 जून 2018 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। साथ ही खेल वृत्ति (डाईट मनी) और खेल संघों को प्रेरणा निधि प्रदान करने के लिए भी 30 जून 2018 तक आवेदन मंगाए गए हैं। विस्तृत जानकारी खेन विभाग की वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in/AwardLogin.aspx पर उपलब्ध है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के तहत एक अप्रैल 2017 से 31 मार्च 2018 के बीच राज्य खेल संघों द्वारा आयोजित राष्ट्रीय चैम्पियनशिप, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त पैरालिम्पिक खेल तथा राष्ट्रीय युवा उत्सव की उपलब्धियों को शामिल किया गया है। खेल वृत्ति के लिए खेल संघों द्वारा वर्ष 2017-18 में आयोजित राज्य या राष्ट्रीय चैम्पियनशिप की उपलब्धियों को शामिल किया गया है। नगद राशि, खेल वृत्ति एवं प्रेरणा निधि से संबंधित नियमों के तहत पात्रता रखने वाले आवेदक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
राष्ट्रीय चैम्पियनशिप (सीनियर) विशेष पैरालिम्पिक में स्वर्ण पदक विजेता को 25 हजार रूपए, रजत पदक विजेता को 20 हजार रूपए और कांस्य पदक के लिए 15 हजार रूपए नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव, राष्ट्रीय चैम्पियनशिप (जूनियर) में स्वर्ण पदक के लिए 15 हजार रूपए, रजत के लिए 10 हजार और कांस्य पदक के लिए सात हजार रूपए एवं राष्ट्रीय चैम्पियनशिप (सब-जूनियर) में स्वर्ण पदक विजेता को 10 हजार रूपए, रजत पांच हजार एवं कांस्य पदक विजेता को चार हजार रूपए नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
जिला स्तर की खेलवृत्ति के लिए सब-जूनियर को 1800 रूपए, जूनियर को 2400 रूपए और सीनियर को 3000 रूपए तथा राज्य स्तर की खेलवृत्ति के लिए सब-जूनियर को 2400 रूपए, जूनियर को 3000 रूपए और सीनियर को 3600 रूपए प्रदान किया जाएगा। विस्तृत जानकारी के लिए राजधानी रायपुर के जीई रोड स्थित खेल संचालनालय और संबंधित जिलों के जिला खेल कार्यालयों से सम्पर्क किया जा सकता है।